वीरता और शौर्य का अमृत पर्व
15 अगस्त 2022 को भारत अपनी स्वाधीनता के 75 वर्ष पूर्ण करने जा रहा है। इन 75 वर्षों में भारत ने अनेकों कीर्तिमान स्थापित किए हैं। चाहे बात चांद पर पानी ढूंढने की हो या फिर प्रथम प्रयास में मंगल पर पहुंचने की हम प्रत्येक क्षेत्र में अग्रणी रहे हैं।
भारत का इतिहास वीरता एवं गौरव से भरा हुआ है। वीर शिवा से लेकर महाराणा प्रताप तक, मंगल पांडे से लेकर रानी लक्ष्मीबाई तक एवं नेता जी से लेकर सरदार पटेल तक आप जिस भी समय में देखेंगे वीरों की कहानियां, किस्से भरे मिलेंगे।
भारत ने एक लंबे कालखंड आजादी के लिए संघर्ष किया है, न जाने कितने ही वीरों ने अपने जीवन का बलिदान दिया है, न जाने कितनी ही माताओं ने अपने पुत्रों को वतन की रक्षा हेतु न्योछावर कर दिया।
हमारे क्रांतिकारियों के मन में अवश्य यही भाव रहा होगा
देश प्रेम का मूल्य प्राण है, देखो कौन चुकाता है
देखो कौन सुमन सैय्या तज कंटक पथ अपनाता है।
इसी भाव के साथ हमारी मातृभूमि ने हमे तिरंगा फहराने का अवसर दिया है। हर घर तिरंगा फहराएं, आजादी का अमृत पर्व मनाएं।